नई विमानन नीति अगले साल की शुरुआत में : राजू

हैदराबाद, 28 दिसंबर (आईएएनएस)। नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू ने सोमवार को कहा कि नई विमानन नीति अगले साल के शुरू में घोषित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नीति तैयार होने की कगार पर पहुंच चुकी है। तैयार होते ही इसे मंत्रिमंडल के सामने पेश कर दिया जाएगा।

हैदराबाद हवाईअड्डे पर ई-बोर्डिग सुविधा पेश करते हुए उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि नीति के मसौदे पर तीन लाख से अधिक सुझाव मिले हैं, जिन पर विचार किया जा रहा है।

5-20 नियम के बारे में उन्होंने कहा कि वह शुरू से इसका विरोध कर रहे हैं। 5-20 के मौजूदा नियम के तहत किसी विमानन कंपनी के लिए अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन शुरू करने से पहले पांच साल के घरेलू संचालन का अनुभव और न्यूनतम 20 विमानों का बेड़ा जरूरी है।

उन्होंने कहा कि हैदराबाद और बेंगलुरू हवाईअड्डे पर प्रायोगिक रूप से ई-बोर्डिग सुविधा शुरू की गई थी और इसे सभी हवाईअड्डों पर चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों की सुविधा बढ़े।

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर प्रयोग सफल रहा और यह हवाईअड्डा घरेलू यात्रियों के लिए इसे लांच करने वाला देश का पहला हवाईअड्डा बन गया।

इस सुविधा का विकास जीएमआर हैदराबाद एयरपोर्ट लिमिटेड (जीएचआईएएल) ने किया है।

जीएचआईएएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसजीके किशोर ने कहा, “हमने कम-से-कम समय में आंतरिक क्षमता का उपयोग कर के एक संपूर्ण एंड-टू-एंड ई-बोर्डिग सुविधा शुरू कर दी है। हमारे द्वारा विकसित ई-बोर्डिग समाधान डिजिटल भारत कार्यक्रम के अनुरूप है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493