गुड़गांव, 28 दिसंबर (आईएएनएस)। साइबर सिटी गुड़गांव में सोमवार को सरेराह एक महिला का एक कॉलेज के बाहर से बदमाशों ने अपहरण कर लिया। बाद में हालांकि पुलिस ने महिला को अपहर्ताओं के चंगुल से छुड़ा लिया और इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पास के एक होटल के बाहर लगे एक सीसीटीवी कैमरे की वीडियो फुटेज के अनुसार, अपहर्ताओं ने न्यू रेलवे रोड स्थित डीएसडी कॉलेज के बाहर से एक महिला को जबरन अपनी कार में खींचा और फरार हो गए।
महिला की मदद के लिए कुछ लोग कार के पीछे भागे भी, लेकिन वे असफल रहे।
घटनास्थल पर मौजूद व सेक्टर-17 की रहने वाली एक महिला ने पीसीआर को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस कॉलेज पहुंची। कॉलेज के अधिकारियों ने मामले की जांच कर रहे अधिकारियों को बताया कि महिला का उनके कॉलेज से कोई लेना-देना नहीं है।
पुलिस ने कहा कि महिला को बाद में छुड़ा लिया गया और घटना में शामिल सभी तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अपहर्ता की महिला से जान पहचान है।
गुड़गांव के पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क ने आईएएनएस से कहा, “हम आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। पीड़िता सुरक्षित है। प्रारंभिक जांच के बाद घटना से संबंधित और जानकारियां साझा की जाएंगी।”
वहीं, एक सूत्र ने आईएएनएस से कहा कि अपहर्ता राजनीतिक रूप से प्रभावशाली परिवारों से ताल्लुक रखते हैं।
dharmpath.com dharmpath