वरकला(केरल), 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को यहां शिवगिरि मठ के 83वें वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
शिवगिरि विख्यात समाज सुधारक श्री नारायण गुरु का अंतिम निवास स्थल है। सोनिया से पहले इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां आ चुके हैं।
सोनिया ने कहा कि यह तीसरा मौका है, जब वह यहां श्री नारायण गुरु से जुड़े समारोह में हिस्सा लेने आई हैं।
उन्होंने कहा, “11 साल पहले मैं यहां गुरु की 150वीं जयंती पर हुए समारोह में हिस्सा लेने आई थी। 1988 में अपने पति के साथ मैंने यहां एक अन्य समारोह में हिस्सा लिया था।”
सोनिया ने कहा, “गुरु की सोच, उनकी शिक्षा आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। उनकी महानता इसमें छिपी है कि उन्होंने सभी धर्मो की सकारात्मक बातों को अपनाया और अपने अनुयायियों से इन पर अमल के लिए कहा।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गुरु ने श्री नारायण धर्म परिपालना (एसएनडीपी) योगम की स्थापना 1903 में सांस्कृतिक और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए की थी। सोनिया ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि राजनैतिक हितों को साधने वाले ‘कुछ लोग’ आज इसमें हैं।
केरल में हिंदुओं में बहुसंख्यक एझवा समुदाय के लिए शिवगिरि सर्वाधिक श्रद्धा का स्थान है। एझवा नेता और एसएनडीपी योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नटेसन ने हाल ही में अपनी राजनैतिक पार्टी बनाई है। यह तय माना जा रहा है कि वह भाजपा नेतृत्व वाले राजग में शामिल होंगे।
dharmpath.com dharmpath