भोपाल, 31 दिसंबर (आईएएनएस)। देशभर में पांचवीं और आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा होने की संभावना है। मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री पारस जैन के सुझाव पर सेंट्रल एडवायजरी बोर्ड ऑफ एजुकेशन (कैब) की उप-समिति ने पांचवीं और आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा कराने की सिफारिश की है।
केंद्रीय मंत्री परिषद को अब इस पर फैसला करना है। शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के मकसद से बैठक में पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षा कराए जाने पर चर्चा हुई।
राज्य के शिक्षा मंत्री पारस जैन ने सुझाव दिया कि मौजूदा अधिनियम के प्रावधान के अनुसार, कक्षा चौथी तक तो बच्चों को उत्तीर्ण किया जाता रहे, लेकिन कक्षा पांचवीं में बोर्ड पैटर्न पर परीक्षा कराई जाए। परीक्षा में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को एक माह का समय देकर उनकी पुन: परीक्षा ली जाए। ऐसी व्यवस्था आठवीं कक्षा के लिए भी रहे।
पारस जैन के अनुसार उप-समिति ने इस बात की भी अनुशंसा की है कि प्रत्येक कक्षा का लर्निग स्तर हो। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शिक्षकों का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाए। स्कूली पाठ्यक्रम भी समयानुसार पूरा हो, ताकि विद्यार्थी की स्कूल जाने की आदत बनी रहे।
उप-समिति की बैठक में राजस्थान के स्कूल शिक्षा मंत्री वासुदेव देवयानी, उत्तराखंड के स्कूल शिक्षा मंत्री एम.एस. नाथानी और महाराष्ट्र के शालेय शिक्षा मंत्री विनोद श्रीधर तावडे ने भाग लिया। राजस्थान के शिक्षा मंत्री देवयानी उप-समिति के अध्यक्ष हैं।
dharmpath.com dharmpath