लखनऊ, 1 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने जावीद अहमद को नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया है। जावीद 1984 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। शुक्रवार को ही उन्होंने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया।
जावीद अहमद वर्तमान में रेलवे में डीजी के पद पर तैनात थे। इनकी सेवानिवृत्ति 2020 में होनी है। जावीद अहमद अपनी साफ-सुथरी छवि के लिए जाने जाते रहे हैं। मूलत: पटना के रहने वाले जावीद बीते वर्ष 30 जून को महानिदेशक पद पर प्रोन्नत हुए थे।
इतिहास में परास्नातक जावीद अहमद लंबे समय तक सीबीआई में भी तैनात रहे। अखिलेश सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में वह आठवें पुलिस प्रमुख बने हैं।
इससे पहले गुरुवार को डीजीपी जगमोहन यादव सेवानिवृत्त हुए थे। गुरुवार को देर रात तक यह तय नहीं हो पाया था कि किसे नया डीजीपी बनाया जाएगा। जावीद अहमद के नाम पर चर्चा चल रही थी। इनके अलावा प्रवीण सिंह व वी.के. गुप्ता भी डीजीपी की दौड़ में थे।
dharmpath.com dharmpath