पंजाब के पठानकोट में आतंकवादी हमला, 2 आतंकवादियों की मौत

पठानकोट (पंजाब), 2 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तरी पंजाब के पठानकोट जिले में शनिवार सुबह भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के बेस पर आतंकवादी हमला हुआ। सुरक्षाबलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया।

यह गोलीबारी सुबह लगभग 3.30 बजे शुरू हुई। आतंकवादियों की संख्या चार से छह बताई जा रही है, जो सेना की वर्दी में थे।

पुलिस ने क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया है और सेना को बुला लिया गया है।

सुबह 7.30 बजे आईएएफ स्टेशन क्षेत्र से भारी गोलीबारी की आवाजें सुनी जा सकती थी। सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

आईएएफ के हेलीकॉप्टर सुरक्षाबलों के साथ मिलकर तलाशी अभियानों में लगे हुए हैं।

सुरक्षाबलों ने पठानकोट-जम्मू राजमार्ग को भी हाई अलर्ट पर रखा है। आईएएफ स्टेशन के आसपास के पूरे इलाके को बंद कर दिया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “कठुआ जिले में हाई अलर्ट है और अच्छी तरह से जांच-पड़ताल के बाद ही वाहनों को राज्य में प्रवेश करने दिया जा रहा है।”

रक्षा सूत्रों का कहना है कि राजमार्ग पर सेना की तैनाती की गई है ताकि कोई भी आतंकवादी जम्मू एवं कश्मीर में घुस न सके।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493