लखनऊ, 2 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित अधिकांश जिलों में शनिवार सुबह से ही गुनगुनी धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज किए जाने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, सुबह कोहरे का असर दिखाई दिया। लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही कोहरे का असर कम हो गया। गुनगुनी धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली।
गुप्ता के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और दो डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा शनिवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री, कानपुर का पांच डिग्री, गोरखपुर का 5.3 डिग्री, इलाहाबाद का छह डिग्री और झांसी का 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath