इस्लामाबाद, 2 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने पंजाब के पठानकोट में भारतीय वायु सेना के अड्डे पर शनिवार को हुए आतंकवादी हमले की कड़ी आलोचना की।
‘रेडियो पाकिस्तान’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने यहां जारी एक बयान में भारत सरकार, भारत के लोगों और शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना जताई और हमले में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बयान के मुताबिक, हाल में दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय संपर्को से बनी सद्भावना के आधार पर पाकिस्तान अपने साझेदार भारत के साथ दक्षिण एशियाई क्षेत्र से आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि पंजाब के पठानकोट जिले में शनिवार तड़के भारतीय वायुसेना (भारतीय वायु सेना) के अड्डे पर आतंकवादियों ने अचानक हमला बोल दिया, जिसके बाद सुरक्षाबलों से उनकी भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान कमांडो ने चार आतंकवादियों को मार गिराया।
dharmpath.com dharmpath