बार्सिलोना, 3 जनवरी (आईएएनएस)। स्पेन के शीर्ष फुटबाल क्लब एफसी बार्सिलोना के कप्तान आंद्रेस इनिएस्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि क्लब के साथी खिलाड़ी ब्राजीलियाई स्ट्राइकर नेमार पर एस्पानियोल के खिलाफ ला लीगा के मैच के दौरान नस्लीय टिप्पणी की गई।
शनिवार को एस्टाडी कोर्नेला-एल प्रैट में हुए मैच में एस्पानियोल ने बार्सिलोना को गोलरहित ड्रॉ पर रोक लिया।
वेबसाइट ‘ईएसपीएनएफसी डॉट कॉम’ ने इनिएस्ता के हवाले से कहा, “मैच के पहले हाफ में मैदान के एक कोने से किसी दर्शक ने नस्लीय टिप्पणी की।”
बार्सिलोना के डिफेंडर गेरार्ड पिक ने कहा है कि उन्होंने किसी तरह की अपमानजनक बात न तो सुनी और न ही देखी, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसा हुआ है तो दोषी को सजा मिलनी चाहिए।
पिक ने कहा, “अगर ऐसा हुआ है, तो निश्चित तौर पर दोषी के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए और उचित उपाय अपनाए जाने चाहिए।”
बार्सिलोना के पूर्व अध्यक्ष टोनी फ्रेइक्सा ने ट्वीट किया है कि उम्मीद है कि नेमार के खिलाफ हुई नस्लीय टिप्पणी के खिलाफ मैच रेफरी रिपोर्ट करेंगे।
dharmpath.com dharmpath