मेड्रिड, 3 जनवरी (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब रियल मेड्रिड के लिए खेलने वाले पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कहा है कि उन्हें किसी बात का अफसोस नहीं है और वह रात जब बिस्तर में सोने जाते हैं तो उनका अंत:करण पूरी तरह शुद्ध होता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, स्पेनिश समाचार पत्र ‘एल मुंडो’ को दिए साक्षात्कार में रोनाल्डो ने मैदान से बाहर अपने प्रदर्शन से इतर मुद्दों पर भी विचार रखे और कहा कि वह ‘जीवन को किसी युद्ध के मैदान की तरह नहीं देखते’।
रविवार को प्रकाशित इस साक्षात्कार में रोनाल्डो ने कहा, “सबी यह सोच सकते हैं कि वे मुझमें क्या पसंद करते हैं। लेकिन मैं हर रात शुद्ध अंत:करण के साथ सोने जाता हूं और अच्छी नींद लेता हूं।”
रोनाल्डो ने कहा, “आप इस बात से खुद को कष्ट नहीं दे सकते कि दूसरे आपके बारे में क्या सोचते हैं।”
रोनाल्डो ने यहां तक कहा, “यहां तक कि ईश्वर भी सभी को खुश नहीं रख सकता। मैं पहले से किसी चीज की योजना बनाकर नहीं चलता और कई बार मुझे इसका अफसोस भी होता है।”
रोनाल्डो अगले महीने 31 वर्ष के हो जाएंगे और जब उनसे फुटबाल के बाद के जीवन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह अपने वस्त्र के ब्रांड को और विस्तार देना चाहते हैं। हालांकि वह आगे कहते हैं फुटबाल का जीवन पूरा होने के बाद एक नया जीवन शुरू होगा।
dharmpath.com dharmpath