नई दिल्ली, 3 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता ए. बी. बर्धन के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वह ‘गरीबों की आवाज’ थे।
आडवाणी ने रविवार को यहां एक बयान में कहा, “ए.बी.वर्धन के निधन के बारे में जानकर मुझे बेहद दुख हुआ है। वह अपने सिद्धांतों और विचारधारा के प्रति पूरी तरह समर्पित थे। वह मजदूर आंदोलन के नेताओं में से थे और गरीबों की आवाज थे। वह हमेशा भाषण देने की अपनी शानदार शैली के लिए जाने जाएंगे।”
उन्होंने कहा कि बर्धन की राजनीति में किसानों और मजदूरों के अलावा भी बहुत कुछ था।
आडवाणी ने कहा, “किसानों की समस्या और मजदूरों की बढ़ती मुश्किलों को उठाने के साथ-साथ देश के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने की रक्षा उनकी अन्य प्रतिबद्धताओं में शामिल था। उन्होंने कई चुनौतियों का सामना करते हुए राजनीति और समाज सेवा में अपना स्थान बनाया था। मैं उनके निधन पर शोक जताता हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
बर्धन (92) का शनिवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया था।
dharmpath.com dharmpath