विदेशी हथियारों के आयात पर निर्भरता खत्म करनी होगी : मोदी

बेंगलुरु, 3 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वह वक्त आ गया है, जब भारत आयातित विदेशी हथियारों पर अपनी निर्भरता खत्म करे और अनाज की पैदावार जैसे मामलों की ही तरह इस क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बने।

कर्नाटक के तुमकुर जिले में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) की नई हेलीकाप्टर निर्माण इकाई की आधारशिला रखने के मौके पर प्रधानमंत्री ने यह बात कही।

मोदी ने कहा, “भारतीय सशस्त्र बल किसी से कम नहीं हैं। वक्त आ गया है जब यह तय किया जाए कि इनके पास मौजूद हथियार और उपकरण भी दुनिया में सर्वश्रेष्ठ हैं। इसके लिए भारत को आयातित हथियारों पर निर्भरता खत्म करनी होगी, जो कि महंगे भी होते हैं और आधुनिक तकनीक पर आधारित भी नहीं होते।”

स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के जय जवान जय किसान नारे का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि भारत बीते 50 साल में अनाज के मामले में आत्मनिर्भर हो चुका है। यही कारनामा अब हथियारों के मामले में करना है।

एचएएल की नई हेलीकाप्टर निर्माण इकाई बेंगलुरू से 125 किलोमीटर दूर बिदरेहल्लीकावल गांव में 610 एकड़ में बन रही है। यहां हल्के लड़ाकू हेलीकाप्टर समेत 10 तरह के हेलीकाप्टर बनाए जाएंगे।

मोदी ने कहा, “तुमकुर में बन रही यह विनिर्माण इकाई कोई साधारण नहीं है। पूरी दुनिया इसका संज्ञान लेगी।” उन्होंने एचएएल से यह सुनिश्चित करने को कहा कि इस नए संयंत्र में बना हेलीकाप्टर 2018 में उड़ान भरे।

गरीबों-वंचितों की बेहतरी में औद्योगिकरण के महत्व के बारे में संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर की बात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस फैक्ट्री की वजह से 4000 लोगों को प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493