गुवाहाटी, 4 जनवरी (आईएएनएस)। देश के पूर्वोत्तरी भाग में सोमवार तड़के 4.35 बजे आए भूकंप में यहां 20 लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
भूकंप का केंद्र मणिपुर राज्य का तमेंगलोंग जिला है।
भूकंप के कारण असम में कुछ इमारतों में दरारें भी आ गईं।
असम राज्य के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.के. तिवारी ने कहा कि भूकंप के कारण गुवाहाटी शहर में करीब 20 लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
तिवारी ने बताया, “राज्य के विभिन्न इलाकों से इमारतों और घरों को भी मामूली नुकसान पहुंचने की खबरें मिली हैं। हम खबरों की पुष्टि करने का प्रयास कर रहे हैं।”
फैंसी बाजर इलाके के स्थानीय लोगों ने कहा कि भूकंप के कारण कम से कम सात से आठ इमारतों में दरारें पड़ गईं। वहीं गुवाहाटी के पांडू इलाके के लोगों ने बताया कि भूकंप के बाद मची भगदड़ के कारण निरंजन दास नामक व्यक्ति की मौत हो गई।
पूवरेत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के एक प्रवक्ता ने कहा, “हमने आज (सोमवार) भूकंप के कारण सुबह 6.30 बजे तक विभिन्न स्थानों पर कई रेलों को रोक कर रखा, हालांकि रोकी गई रेल सेवाओं को 6.30 बजे के बाद फिर से बहाल कर दिया गया।”
dharmpath.com dharmpath