टोक्यो, 4 जनवरी (आईएएनएस)। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने सोमवार को कहा कि गर्मी के मौसम में होने वाले ऊपरी सदन के त्रैवार्षिक चुनाव से पहले निचले सदन को भंग करने और मध्यावधि चुनाव कराने का उनका कोई इरादा नहीं है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के नेता आबे ने कहा कि मध्यावधि चुनाव कराने के लिए निचले सदन को भंग करने के बारे में वह सोच तक नहीं रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऊपरी सदन के चुनाव में सत्तारूढ़ मोर्चे को बहुमत दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
शक्तिसंपन्न निचले सदन में आबे के सत्तारूढ़ मोर्चे को दो तिहाई बहुमत हासिल है।
संवैधानिक सुधारों के बारे में प्रधानमंत्री आबे ने कहा कि इस दिशा में प्रयास बढ़ाए जाएंगे और यह आगामी चुनाव का मुख्य मुद्दा होगा। आबे ने कहा, “मैं चाहता हूं कि इस मुद्दे पर राष्ट्र और गहराई से चर्चा करे।”
मध्य जापान के माई प्रांत में मई के महीने में होने वाले सात देशों (जी-7) के सम्मेलन के बारे में आबे ने कहा कि यह मंच वैश्विक निर्धनता, आतंकवाद, क्षेत्रीय सुरक्षा के मुद्दों को हल करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जी-7 में ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और अमेरिका शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath