जम्मू, 4 जनवरी (आईएएनएस)। विशेष राष्ट्रीय जांच आयोग (एनआईए) अदालत ने उधमपुर आतंकवादी हमले के आरोपियों मुहम्मद नावेद और उसके पांच अन्य साथियों की न्यायिक हिरासत अवधि सोमवार को 13 दिनों के लिए बढ़ा दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “नावेद पाकिस्तान के फैसलाबाद का रहने वाला है और उसके पांच अन्य साथी कश्मीर के रहनेवाले हैं। एनआईए टीम इस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने आरोपियों को सोमवार को विशेष अदालत में पेश किया था, जहां उनके न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ा दी गई।”
नावेद ने एक दूसरे पाकिस्तानी आतंकवादी नोमान के साथ मिलकर पिछले साल पांच अगस्त को उधमपुर में जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की बस पर हमला किया था। इस हमले में बीएसएफ के दो जवानों की जान चली गई थी, जबकि 11 अन्य घायल हो गए थे।
इस मुठभेड़ में नोमान मारा गया, जबकि नावेद किसी तरह से पास के गांव में भागने में सफल रहा। वहां उसे गांववालों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
एनआईए की टीम ने नावेद को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसके पांच अन्य कश्मीरी साथियों को दक्षिणी कश्मीर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इन्होंने ही दोनों आतंकवादियों को हथियार के साथ मुठभेड़ स्थल तक पहुंचने में मदद की थी।
dharmpath.com dharmpath