भोपाल, 4 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के कस्तूरबा अस्पताल के शवगृह (मॉर्चुरी) में रखे महिला के शव को चूहों द्वारा कुतरे जाने का के मामला सामने आया है। इसकी जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।
समिति दो से तीन दिनों में अपनी रिपोर्ट अस्पताल प्रशासन को सौंपेगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, भेल के ठेका श्रमिक राजू कुंडलेकर की मां गरैयादेवी (68) की कस्तूरबा अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार रात मौत हो गई थी। उसके बाद शव को शवगृह में रख दिया गया था। रविवार की सुबह जब शव को बाहर निकाला जा रहा था, तब मृतका के परिजनों ने शव को लहूलुहान पाया। उनका कहना था कि शव को चूहों ने कुतरा है।
भेल के मुख्य स्वास्थ्य व चिकित्सा अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. ए. के. दवे ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि शव की गर्दन व कुछ अन्य हिस्सों पर जख्म पाए गए। परिजनों ने शव को चूहों द्वारा कुतरे जाने की आशंका जताई है। जांच में पता चल सकेगा कि शव को किस जानवर ने कुतरा है।
dharmpath.com dharmpath