भोपाल में नेशनल हेराल्ड की जमीन पर बने मॉल का सर्वेक्षण

भोपाल, 4 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नेशनल हेराल्ड के लिए आवंटित की गई भूमि पर बने मॉल का सोमवार को भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अमले ने सर्वेक्षण किया। सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर बीडीए जबलपुर उच्च न्यायालय में अपना पक्ष रखेगा।

राजधानी में समाचार पत्रों के लिए महाराणा प्रताप नगर में प्रेस कॉम्प्लेक्स बनाकर जमीन दी गई थी। यहां अन्य समाचार पत्रों के साथ नेशनल हेराल्ड के नाम पर एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड को भूमि आवंटित की गई थी। बाद में एसोसिएटेड जर्नल्स की इसी जमीन पर एक मॉल बना दिया गया और कई प्रमुख कंपनियों के प्रतिष्ठानों के लिए स्थान आवंटित कर दिया। वर्तमान में इस स्थान पर व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं।

बीडीए के राजस्व अधिकारी मुकुल गुप्ता ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि नेशनल हेराल्ड के लिए आवंटित जमीन की लीज 2012 में खत्म हो चुकी है। इस पर एसोसिएटेड जर्नल्स और व्यावसायिक गतिविधियां करने वाले संस्थानों ने भोपाल के व्यवहार न्यायालय में अपील की, जिसे खारिज कर दिया गया। बाद में इन्होंने उच्च न्यायालय से स्थगन प्राप्त कर लिया।

गुप्ता के अनुसार ममला उच्च न्यायालय में है और बीडीए को अपना पक्ष रखना है, इसलिए मॉल और उसमें चल रही व्यावसायिक गतिविधियों का सर्वेक्षण कराया गया है। सर्वेक्षण के आधार पर ही बीडीए न्यायालय में अपना पक्ष रखेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493