सऊदी, ईरान तनाव घटाएं : अमेरिका

वाशिंगटन, 5 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका ने सऊदी अरब और ईरान के बीच तीखे राजनयिक तनाव पर चिंता जताते हुए दोनों देशों से मध्य पूर्व में तनाव घटाने को कहा है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, व्हाइट हाउस प्रवक्ता जोश अर्नेस्ट ने सोमवार को कहा, “हमारा आग्रह सभी संबद्ध पक्षों से संयम बरतने और उस तनाव को और भड़कने से रोकने का है, जो क्षेत्र में काफी खुलकर नजर आ रहा है।”

अर्नेस्ट ने कहा कि अमेरिका के विदेश मंत्री ईरान के विदेश मंत्री के संपर्क में हैं। वह जल्द ही सऊदी अरब के विदेश मंत्री से भी बात करेंगे।

सऊदी अरब ने रविवार को ईरान से राजनयिक संबंध तोड़ने का ऐलान किया था। उसने यह कदम ईरान में अपने दूतावास पर ईरानी प्रदर्शनकारियों के हमले के बाद उठाया था। प्रदर्शन सऊदी अरब में शिया धर्मगुरु निम्र अल निम्र को फांसी दिए जाने के खिलाफ किया गया था।

अर्नेस्ट ने कहा, “हमने देखा है कि कई बार अस्थिरता मध्यपूर्व में सांप्रदायिक रंग ले लेती है। यह महज इत्तेफाक नहीं है। “

प्रवक्ता ने सभी पक्षों के लोगों से ऐसे कदम उठाने की अपील की जिनसे क्षेत्र के सभी देशों को फायदा हो।

सऊदी अरब के साथ तीन अन्य सुन्नी नेतृत्व वाले देशों, बहरीन, सूडान और संयुक्त अरब अमीरात ने सोमवार को शिया बहुल ईरान से या तो राजनयिक संबंध तोड़ लिए या इन्हें काफी कम कर दिया।

सऊदी अरब के विदेश मंत्री अदेल अल-जुबैर ने सोमवार को ईरान के साथ हवाई संपर्क खत्म करने और नागरिकों को ईरान की यात्रा नहीं करने देने के फैसलों का ऐलान किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493