दक्षिण कोरिया का उत्तर कोरिया को सबक सिखाने का संकल्प (लीड-2)

सियोल, 6 जनवरी (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया ने बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर उत्तर कोरिया को उसके चौथे परमाणु परीक्षण के लिए सबक सिखाने की बात कही।

दक्षिण कोरिया की राष्ट्रपति पार्क ग्युन-हे ने कहा कि दक्षिण कोरिया यह सुनिश्चित करेगा कि उत्तर कोरिया को इस परीक्षण की कीमत चुकानी पड़े। उन्होंने उत्तर कोरिया के इस कदम को एक बहुत बड़ा उल्लंघन और अंतर्राष्ट्रीय शांति व स्थिरता के लिए एक चुनौती करार दिया।

पार्क ने राजधानी सियोल में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा, “दक्षिण कोरिया की सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उत्तर कोरिया को परमाणु परीक्षण की अनुकूल कीमत चुकानी पड़े।”

उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को उत्तर कोरिया पर कड़े प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार करना जरूरी है।

पार्क की ओर से यह बयान उत्तर कोरिया के यह घोषणा करने के दो घंटों बाद आया है कि उसने एक हाइड्रोजन बम का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है।

पार्क ने पिछले साल आगाह किया था कि उत्तर कोरिया के संयुक्त राष्ट्र परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन करने की परिस्थितियां बन रही हैं।

दक्षिण कोरिया ने बुधवार को एक बयान जारी कर उत्तर कोरिया के हाइड्रोजन बम का परीक्षण करने की निंदा की और उसके खिलाफ हरसंभव कदम उठाने का संकल्प लिया।

वहीं, अमेरिका की ओर से कहा गया कि वह उत्तर कोरिया के हाइड्रोजन बम का परीक्षण करने की पुष्टि नहीं कर सकता। उसने हालांकि किसी भी उकसावे का उचित जवाब देने की बात कही।

व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता नेड प्राइज ने कहा, “हम इस वक्त इस दावे की पुष्टि नहीं कर सकते, लेकिन हम संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के किसी भी प्रस्ताव के उल्लंघन की निंदा करते हैं और उत्तर कोरिया से अपने अंतर्राष्ट्रीय दायित्वों एवं प्रतिबद्धताओं पर कायम रहने की अपील करते हैं।”

उधर, जापान ने भी उत्तर कोरिया के हाइड्रोजन बम का परीक्षण करने की निंदा करते हुए कहा कि यह परीक्षण एक बड़ा खतरा है।

जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा, “हाइड्रोजन बम का परीक्षण जापान की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा है और यह अस्वीकार्य है।”

उन्होंने यह भी कहा कि जापान अमेरिका, दक्षिण कोरिया, चीन और रूस के साथ मिलकर इस मसले से निपटने की दिशा में काम करेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493