वाशिंगटन, 8 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका में बेरोजगारी भत्ता का दावा करने वालों की प्रारंभिक संख्या में गत सप्ताह गिरावट दर्ज की गई। इससे अर्थव्यवस्था का स्वास्थ्य बेहतर होने का पता चलता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक अमेरिका के श्रम विभाग ने गुरुवार को कहा कि दो जनवरी को समाप्त सप्ताह में बेरोजगारी भत्ता का दावा करने वालों की प्रारंभिक संख्या मौसमी समायोजन के साथ घटकर 2,77,000 रही, जो इससे एक सप्ताह पहले के असंशोधित आंकड़े से 10 हजार कम है।
साथ ही चार सप्ताह के औसत के आधार पर यह संख्या 2,75,750 रही, जो एक सप्ताह पहले की तुलना में 1,250 कम है।
ऑटोमेटिक डाटा प्रोसेसिंग (एडीपी) और मूडीज एनालिटिक्स द्वारा संयुक्त रूप से बुधवार को जारी नेशनल एंप्लॉईमेंट रिपोर्ट में कहा गया है कि दिसंबर में अमेरिका के निजी क्षेत्र ने 2,57,000 अतिरिक्त नौकरियां दी, जो 2015 का सवरेत्तम मासिक आंकड़ा है।
मूडीज एनालिटिक्स के मुख्य अर्थशास्त्री मार्क जांडी ने कहा, “यदि इस गति से बेरोजगारी घटती रही, जिसकी संभावना आगे भी दिखाई दे रही है, तो साल के मध्य तक पूर्ण रोजगार की स्थिति आ जाएगी।”
श्रम विभाग शुक्रवार को दिसंबर महीने का रोजगार संबंधी आंकड़ा जारी करेगा।
dharmpath.com dharmpath