आमिर, शाहरुख की पुलिस सुरक्षा में कटौती

मुंबई, 8 जनवरी (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान और बॉलीवुड के ‘बादशाह’ शाहरुख खान की सुरक्षा घटा दी है।

शुक्रवार को एक अधिकारी ने सुरक्षा में की इस कटौती को ‘सामान्य’ बताया और कहा कि फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा से जुड़े खतरे की वार्षिक समीक्षा में यह निष्कर्ष निकला कि कुछ हस्तियों को उतनी सुरक्षा मुहैया कराने की जरूरत नहीं है, जितनी उन्हें मिली हुई है।

पुलिस के नए फैसले के अनुसार, शाहरुख और आमिर की सुरक्षा में अब दिन और रात की पारी में सिर्फ दो सशस्त्र कांस्टेबल तैनात रहेंगे। पहले उनकी सुरक्षा में चौबीसों घंटे चार सशस्त्र कांस्टेबल एवं एक रक्षक या पहरेदारी वाहन तैनात था।

अधिकारी ने कहा कि दोनों अभिनेताओं को उनकी ‘असहिष्णुता’ संबंधी टिप्पणी के बाद मचे बवाल और उनकी जान पर आए खतरे को देखते हुए चौबीसों घंटों के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी।

पुलिस अब तक फिल्म निर्देशक राजकुमार हिरानी, फराह खान, विधु विनोद चोपड़ा, अली मोरानी और करीम मोरानी सहित करीब 40 हस्तियों को पुलिस सुरक्षा मुहैया करा चुकी है।

दोनों खान को छोड़कर सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर, अभिनेता दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, निर्देशक महेश भट्ट और उनके भाई मुकेश भट्ट व कुछ अन्यों को पुलिस सुरक्षा जारी रहेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493