बंगाल व्यापार के लिए सबसे अच्छी जगह : मुकेश अंबानी

कोलकाता, 8 जनवरी (आईएएनएस)। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने पश्चिम बंगाल को व्यापार के लिहाज से देश की सबसे अच्छी जगह बताते हुए इसे निवेश के लिए आदर्श जगह कहा है।

बंगाल वैश्विक व्यापार सम्मेलन में अंबानी ने कहा कि रिलायंस राज्य के लाखों छोटे उद्यमियों के साथ मिलकर सभी स्कूलों, अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ रहा है।

उन्होंने कहा, “व्यापार में आसानी के लिहाज से बंगाल सबसे अच्छी जगह है। मुझे यह कहने में कोई हिचक नहीं है कि मैं अपने देश और दुनिया के निवेशक दोस्तों से कहना चाहूंगा कि बंगाल निवेश के लिए सबसे अच्छी जगह है।”

उन्होंने कहा, “पिछले चार सालों में बंगाल ने आर्थिक और सामाजिक प्रगति हासिल की है और अपने 9 करोड़ निवासियों की बेहतरी पर ध्यान दिया है। पहली बार बंगाल बिजली की अधिकता वाला राज्य बना है और यह उद्योगों के लिए पूरी तरह तैयार है।”

अंबानी ने बंगाल में पिछले कुछ सालों में किए गए 500 करोड़ रुपये के निवेश का हवाला देते हुए कहा कि इस निवेश से अगली पीढ़ी के डिजिटल ब्रांडबैंड इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए गए हैं। इसके तहत 1,059 शहरों और 40,000 गांवों में से 24,339 गांवों में 12,500 किलोमीटर लंबा फाइबर ऑप्टिक नेटर्वक व 6,000 टॉवर लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि रिलायंस ने बंगाल में 11,000 प्रत्यक्ष और 30,000 अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा किया है। रिलायंस राज्य में सबसे ज्यादा नौकरी देने वाली निजी कंपनी है।

उन्होंने ममता बनर्जी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि जियो प्रोजेक्ट को मंजूरी देने की प्रक्रिया को उन्होंने काफी आसान बना दिया। इसके लिए उन्हें 550 ग्राम पंचायतों, 70 नगर निगमों और सरकारी एजेंसिंयों से अनुमति और अनुमोदन की जरूरत पड़ी।

उन्होंने कहा कि दुनिया डिजिटल बदलाव के कगार पर खड़ी है और भारत इससे अछूता नहीं रह सकता। उन्होंने कहा, “भारत आज ब्राडबैंड कनेक्टिविटी के मामले में दुनिया में 150वें नंबर पर है। मैं समझता हूं कि हम और हमारे अलावा तीन-चार अन्य कंपनियां मिलकर भारत को डिजिटल इंफ्रास्टकर के मामले में दुनिया की शीर्ष 10 देशों में पहुंचाने की क्षमता रखते हैं और यह काम पूरी तरह से निजी कंपनियों के भरोसे होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493