पाकिस्तान, भारत के विदेश सचिवों की बैठक 15 जनवरी को : अजीज

इस्लामाबाद, 9 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कहा कि पाकिस्तान और भारत के विदेश सचिवों की बैठक जनवरी में यहां होगी।

अजीज ने यहां शुक्रवार को संसद में कहा कि भारत और पाकिस्तान की फिर से शुरू हो रही द्विपक्षीय वार्ता में कश्मीर और अन्य गंभीर मुद्दे शामिल होंगे।

समाचार पत्र ‘द नेशन’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह घोषणा पाकिस्तान द्वारा पठानकोट वायुसेना अड्डे पर हुए आतंकवादी हमले की जांच शुरू किए जाने के बाद की गई है।

भारत ने पाकिस्तान के साथ विदेश सचिव स्तर की वार्ता तब तक के लिए टालने की बात कही थी, जब तक पाकिस्तान आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने गुरुवार को पठानकोट वायुसेना अड्डे पर हुए हमले में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मुहम्मद की संलिप्तता और इस हमले को लेकर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया के संदर्भ में एक उच्चस्तरीय बैठक की थी।

पठानकोट वायुसेना अड्डे पर हमले के बाद नवाज ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर हमले को लेकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था।

अजीज ने सदन को बताया कि दोनों देशों के विदेश सचिव इस्लामाबाद में बैठक के दौरान व्यापक द्विपक्षीय वार्ता और इसकी समय सीमा के तौर-तरीकों पर चर्चा करेंगे।

उन्होंने कहा, “भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की पाकिस्तान यात्रा के दौरान जारी संयुक्त बयान के मुताबिक इस समग्र वार्ता में कश्मीर विवाद सहित अन्य सभी लंबित मुद्दों को शामिल किया जाएगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493