काबुल, 9 जनवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के सुरक्षा बलों ने ताखर प्रांत के डारकद जिले को तालिबान के कब्जे से छुड़ाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के प्रवक्ता अब्दुल खलील ने बताया कि कार्रवाई शनिवार रात दो बजे शुरू हुई और यह तब तक चलेगी जब तक विद्रोहियों पर काबू नहीं पा लिया जाता। इसमें अफगान सैनिकों के साथ-साथ पुलिस बल को भी शामिल किया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारी ने बताया कि अभी तक सुरक्षा बलों को किसी प्रतिरोध का सामना नहीं करना पड़ा है और अभियान शांतिपूर्वक जारी है।
तालिबान ने फिलहाल इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। तालिबान ने पिछले साल अक्टूबर में ताजिकिस्तान सीमा पर स्थित डारकद जिले पर कब्जा जमा लिया था।
dharmpath.com dharmpath