कोझिकोड, 9 जनवरी (आईएएनएस)। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व में बनी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक गठबंधन की सरकार मजबूती से चल रही है, जबकि विपक्षी वाम पार्टियां यहां कमजोर हैं। एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने शनिवार को यह बात कही।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष वी. एम. सुधीरन ने राज्य यात्रा के दौरान कोझीकोड में पत्रकारों से बातचीत में कहा, “वाम दल यहां आत्मविश्वास की कमी से जूझ रहे हैं, इसलिए उनकी नजर हमारे गठबंधन के दलों पर है। मैं उन्हें यह कहना चाहूंगा कि हमारे गठबंधन की सभी पार्टियां एकजुट हैं और हमारी सरकार बहुत अच्छी चल रही है, साथ ही हमें एक-दूसरे से कोई समस्या भी नहीं है।”
सुधीरन ने गठबंधन के दलों के बीच मनमुटाव को खारिज करते हुए कहा कि उनकी इस यात्रा में भारी संख्या में जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ता भी भाग ले रहे हैं। इससे यह साबित होता है कि गठबंधन सही तरीके से चल रहा है। कोझीकोड उनकी प्रदेश यात्रा का तीसरा पड़ाव था।
इस दौरान मुख्यमंत्री ओमन चांडी और पूर्व रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने बंद कमरे में मुलाकात कर राज्य के राजनीतिक हालात पर चर्चा की।
जल्द ही राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और कांग्रेसनीत यूडीएफ गठबंधन की सरकार इसमें जीत हासिल कर इतिहास रच सकती है। प्रदेश में आज तक कोई सरकार लगातार सत्ता में नहीं रही है।
गठबंधन के सभी शीर्ष नेता आपसी मतभेदों को किनारे रख सीटों के बंटवारे के लिए रणनीति बना रहे हैं। सुधीरन का प्रदेश दौरा चार जनवरी से शुरू हुआ है और यह राजधानी में नौ फरवरी को समाप्त होगा।
dharmpath.com dharmpath