रांची, 12 जनवरी (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) की मौजूदा चैम्पियन रांची रेज 18 जनवरी से शुरू हो रहे लीग के अगले संस्करण में जब उतरेगी तो उसकी कोशिश खिताब को बचाए रखने की होगी।
रेज ने पिछले सत्र में जीत दिलाने वाले खिलाड़ियों के इस सत्र में भी टीम में बनाए रखा है जिससे टीम की जीत की संभावनाएं प्रबल हैं।
इंग्लैंड के कप्तान एश्ले जैक्सन, बैरी मिडिलटन और आस्ट्रेलिया के डिफेनडर फर्ग्युस कावानाघह, मनप्रीत सिंह और डिफेंडर बिरेन्दर लाकडा को इस सत्र में बनाए रखा है। यही खिलाड़ी पिछले सत्र में जीत के सूत्रधार बने थे।
जैक्सन ने पिछले सत्र में 12 गोल किए थे, जिसमें से 11 गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए थे। वह लीग में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी थे। वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी रहे थे।
रेज ने इस सत्र में भारत के संदीप सिंह को अपनी टीम में शामिल किया है। वह भी टीम के अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
रेज के सहायक कोच क्लारेंस लोबो ने कहा, “हमारे पास वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने हमें पिछले साल जीत दिलाई थी। हम अपने उद्देश्य पर काम करते रहेंगे और अच्छा खेलने की कोशिश करेंगे।”
रांची रेज की टीम 19 जनवरी को पंजाब वॉरियर्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
dharmpath.com dharmpath