छग : राज्यपाल रायपुर, मुख्यमंत्री जगदलपुर में करेंगे ध्वजारोहण

रायपुर, 12 जनवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में गणतंत्र दिवस की तैयारी शुरू हो गई है। राज्यपाल बलरामजी दास टंडन राजधानी रायपुर में और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में 26 जनवरी को ध्वजारोहण करेंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग से जारी परिपत्र में 26 जनवरी को जिला मुख्यालयों में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के लिए मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करने वाले मंत्रियों, संसदीय सचिवों और निगम अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी गई है।

विभाग द्वारा जिला कलेक्टर को भेजे गए परिपत्र के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल अम्बिकापुर (सरगुजा) में और पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री अजय चंद्राकर धमतरी में ध्वजारोहण करेंगे।

बिलासपुर में नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री अमर अग्रवाल और रायगढ़ में कृषि तथा जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। स्कूल शिक्षा और आदिम जाति विकास मंत्री केदार कश्यप दंतेवाड़ा, उच्च शिक्षा और राजस्व मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय दुर्ग, खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री पुन्नूलाल मोहले मुंगेली, लोक निर्माण और परिवहन मंत्री राजेश मूणत राजनांदगांव, गृह, जेल और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री रामसेवक पैकरा सूरजपुर में तिरंगा फहराएंगे।

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री रमशिला साहू बालोद और पर्यटन, संस्कृति और सहकारिता मंत्री दयालदास बघेल बेमेतरा में ध्वजारोहण करेंगे।

वन और विधि मंत्री महेश गागड़ा बीजापुर में और खेल एवं युवा कल्याण तथा श्रम मंत्री भइयालाल राजवाड़े बैकुंठपुर (कोरिया) में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष शिवरतन शर्मा बलौदाबाजार, पाठयपुस्तक निगम के अध्यक्ष देवजीभाई पटेल गरियाबंद, ब्रेवरेज कापोर्रेशन के अध्यक्ष युद्धवीर सिंह जूदेव जशपुर और विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान जांजगीर-चाम्पा में ध्वजारोहण करेंगे।

संसदीय सचिवों में लाभचंद बाफना कांकेर, रूपकुमारी चौधरी महासमुंद, मोतीराम चंद्रवंशी कवर्धा (कबीरधाम), लखन देवांगन कोरबा, शिवशंकर पैकरा कोंडागांव, सुनीति राठिया बलरामपुर, अम्बेश जांगड़े नारायणपुर और तोखन साहू सुकमा में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

परिपत्र के अनुसार, जिला कलेक्टरों द्वारा गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का निर्धारण मुख्य अतिथियों के परामर्श से किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493