श्रीनगर, 13 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्से बुधवार को कोहरे की एक मोटी चादर में लिपटे रहे। न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे होने की वजह से आम जनजीवन पर असर पड़ा।
सुबह में घना कोहरा होने की वजह से लोगों ने अपनी दिनचर्या देरी से शुरू की।
दृश्यता कम होने की वजह से श्रीनगर में सड़कों पर यातायात की आवाजाही धीमी रही। कई वाहन चालकों ने लाइटें जलाकर यात्रा कीं।
ऑफिस जाने वाले लोगों ने श्रीनगर शहर के कई हिस्सों में यातायात धीमा होने की शिकायत की।
स्थानीय मौसम विभाग ने बुधवार को आंशिक रूप से बदली छाए रहने की संभावना जताई है। श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
यहां स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “हमें कल (गुरुवार) घना कोहरा छाने की संभावना नहीं है। कश्मीर घाटी में बुधवार को दिन में हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार हैं।”
रात में आसमान साफ होने की वजह से घाटी और राज्य के कई अन्य हिस्सों में बुधवार को न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
पर्यटक स्थल गुलमर्ग और पहलगाम में बुधवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से पांच डिग्री और शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी के काजीगंद कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री, अवंतीपुर में शून्य से 3.4 डिग्री, कुपवाड़ा में शून्य से 3.1 डिग्री और कोकेरनाग में शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
राज्य में बुधवार को लद्दाख क्षेत्र का लेह कस्बा सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 13.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। करगिल कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, “लद्दाख में दिन में आंशिक रूप से बदली रहेगी। अधिकतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।”
जम्मू शहर में न्यूतनम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में बुधवार को आंशिक बदली रहेगी। दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने के आसार हैं।
जम्मू प्रांत के बनिहाल कस्बे में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
मौसम विभाग की ओर से कहा गया कि कटरा कस्बे में न्यूनतम तापमान सात डिग्री, भदरवाह में 0.3 डिग्री, बटोत में 2.7 डिग्री, उधमपुर में 5.2 डिग्री और कठुआ में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath