नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग के लिए भारत और मालदीव के बीच हस्ताक्षरित सहमति पत्र (एमओयू) को मंजूरी दे दी, जिस पर जनवरी, 2014 में हस्ताक्षर किए गए थे।
इसके दायरे में सहयोग के निम्नलिखित क्षेत्रों को कवर किया गया है :
– चिकित्सा डॉक्टरों, अधिकारियों, अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों (प्रोफेशनल) और विशेषज्ञों का आदान-प्रदान एवं प्रशिक्षण।
– मानव संसाधनों विकास में सहायता और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना।
– चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अनुसंधान का विकास।
– स्वास्थ्य क्षेत्र एवं जन स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंधन।
– जेनेरिक एवं आवश्यक दवाओं की खरीद और दवा आपूर्ति में सहायता।
– स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और बीमारी की रोकथाम।
– पारंपरिक और पूरक चिकित्सा।
– टेलीमेडिसिन और
– पारस्परिक निर्णय के आधार पर सहयोग का कोई अन्य क्षेत्र।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, “एमओयू से विशेषकर मानव संसाधनों के विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मालदीव को सहायता देने हेतु दोनों देशों के बीच सहयोग में और ज्यादा वृद्धि सुनिश्चित होगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ने के फलस्वरूप दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत होगा।”
dharmpath.com dharmpath