भोपाल, 14 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बुधवार को सिंगापुर में ‘ली क्वान यू एक्सचेंज फैलोशिप’ प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान विकास कार्यो को नेतृत्व देने के लिए दिया गया है।
चौहान यह फैलोशिप प्राप्त करने वाले चौथे भारतीय तथा दुनिया के 50वें व्यक्ति हैं।
राज्य सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री चौहान के सम्मान में सिंगापुर में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘ली क्वान यू एक्सचेंज फैलोशिप’ के अध्यक्ष एडी टेओ ने कहा कि चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में विकास और जनकल्याण के अद्भुत कार्य हुए हैं। राज्य के लिए उनके नवाचारी विकास कार्यो को देखते हुए संस्था ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना है।
मुख्यमंत्री चौहान विभिन्न औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधियों और राज्य की उद्योग मंत्री यशोधरा राजे िंसंधिया व अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ इन दिनों सिंगापुर की यात्रा पर हैं। उनकी यह यात्रा निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करने के लिए है।
ज्ञात हो कि सिंगापुर के पूर्व प्रधानमंत्री गोह चोक टोंग वर्ष 2014 में 15 सदस्यीय दल के साथ मध्य प्रदेश के भ्रमण पर आए थे। इस दौरान उनके समक्ष राज्य में समावेशी विकास, अधोसंरचना के क्षेत्र में प्रगति और जनकल्याण के लिए किए गए नवाचारों और उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण किया गया था। वह मध्य प्रदेश के विकास एवं स्थिर विकास दर, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक क्षेत्रों में हुए कार्यो से बेहद प्रभावित हुए थे।
उन्होंने भी ‘ली क्वान यू एक्सचेंज फैलोशिप’ के लिए अन्य नामों के साथ मुख्यमंत्री श्री चौहान के नाम पर भी विचार करने की अनुशंसा की थी। इसके बाद ‘ली क्वान यू एक्सचेंज फैलोशिप’ संस्था ने विकास कार्यो के सफल नेतृत्व के सभी पहलुओं का निरीक्षण कर चौहान को यह सम्मान देने का निर्णय लिया।
इस मौके पर चौहान ने कहा कि यह सम्मान मध्य प्रदेश की जनता का सम्मान है। इस सम्मान से मध्य प्रदेश के लिए और ज्यादा बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी।
सिंगापुर के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने वहां के प्रधानमंत्री ली हसेन लूंग से अनौपचारिक भेंट की। लूंग ने मध्य प्रदेश के समावेशी विकास की सराहना की। उन्होंने शहरी अधोसरंचना, शहरी नियोजन और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग करने में रुचि दिखाई।
इससे पहले यह यह फैलोशिप भारत के योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलुवालिया, पूर्व केंद्रीय विनिवेश मंत्री अरुण शौरी, अविभाजित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू को प्रदान किया जा चुका है।
‘ली क्वान यू एक्सचेंज फैलोशिप’ की शुरुआत वर्ष 1991 में की गई थी। यह फैलोशिप अपने राष्ट्र के विकास में योगदान के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय सद्भावना को बढ़ावा देने के लिए भी दिया जाता है।
dharmpath.com dharmpath