भोपाल में पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान

भोपाल, 14 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ क्षेत्र में स्थित ऑयल पेंट फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग बुझाने में अग्निशमन (फायर ब्रिगेड) की 20 गाड़ियां लगाई गई हैं। आग पर काबू पाने के लिए प्रयास जारी है।

इस अग्निकांड में लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

अग्निशमन कार्यालय के अनुसार, भोपाल-इंदौर मार्ग पर स्थित भौंरी गांव के करीब स्थित ऑयल पेंट फैक्ट्री में गुरुवार सुबह अचानक आग भड़क गई और देखते ही देखते इसने विकराल रूप ले लिया।

अग्निशमन कार्यालय के प्रभारी इफ्तेखार अली ने आईएएनएस को बताया कि आग बुझाने में 20 गाड़ियां लगी हुई हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग के चलते आसमान में काला धुआं छाया हुआ है। यह एक से डेढ़ किलोमीटर दूर से नजर आ रहा है। साथ ही फैक्ट्री के भीतर से रुक-रुक कर धमाकों की आवाजें भी आ रही हैं। कहा जा रहा है कि फैक्ट्री में रखे रसायनों के कंटेनरों के फटने से ये आवाजें हो रही हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493