दिल्ली : पुलिस अधिकारी ने महिला, खुद को गोली मारी, मौत (लीड-1)

नई दिल्ली, 17 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस के एक उपनिरीक्षक ने यहां रविवार को अपनी सर्विस रिवाल्वर से एक विवाहित महिला की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद उसने खुद को गोली मार ली।

उपनिरीक्षक विजेंद्र बिश्नोई की बाद में अखिल भारतीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान के ट्रॉमा सेंटर में यहां मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि उपनिरीक्षक बिश्नोई निक्की चौहान (27) नामक महिला से मिलने दोपहर के आसपास द्वारका सेक्टर-चार में एक पार्क में गया था, जहां दोनों के बीच बहस हुई। उसके बाद विजेंद्र ने महिला पर तीन गोलियां दागी और बाद में उसने खुद को गोली मार ली।

महिला पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर की निवासी थी।

महिला को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। विजेंद्र को एम्स ले जाया गया, जहां उसने शाम को दम तोड़ दिया।

जानकार सूत्रों के अनुसार, निक्की एक साप्ताहिक समाचार पत्र से जुड़ी हुई थी और विजेंद्र के संपर्क में उस समय आई थी, जब वह कुछ वर्ष पहले उत्तम नगर पुलिस थाने में तैनात था।

कथित तौर पर दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग था, लेकिन बाद में दोनों ने किसी और से शादी कर ली।

पुलिस के अनुसार, विजेंद्र (30) किसी निजी समस्या में फंसा हुआ था और पिछले 15 दिनों से ड्यूटी पर नहीं था। विभाग ने बगैर सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के लिए उसे एक नोटिस जारी किया था।

राजस्थान की एक अदालत में उसके खिलाफ वैवाहिक विवाद से संबंधित एक मामला लंबित था।

पुलिस ने कहा कि शनिवार को उसने पश्चिम दिल्ली के रनहौला पुलिस थाने में ड्यूटी जॉइन कर ली और उसे उसका सर्विस रिवाल्वर मिल गया।

सूत्रों ने कहा कि महिला कथित तौर पर पुलिसकर्मी से रुपये की मांग कर रही थी, और रुपये न देने पर उसने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी दी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493