कानपुर, 18 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के जहानाबाद कस्बे में कुछ दिनों पूर्व हुई हिंसा के बाद सोमवार को वहां जा रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद विनय कटियार को कानपुर पुलिस ने सोमवार को हिरासत में ले लिया। उनको सर्किट हाउस में रखा गया है, जहां शहर के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता जमा हो गए हैं।
ज्ञात हो कि पांच दिनों पूर्व जहानाबाद में दो वर्गो के बीच खूनी संघर्ष हुआ था, तब से वहां के बाजार बंद हैं और अघोषित कर्फ्यू जैसे माहौल में लोग घरों में कैद हैं।
सूत्रों के अनुसार, तनावग्रस्त जहानाबाद में विनय कटियार के नेतृत्व में भाजपा के सात सदस्यीय दल को सोमवार को जाना था। कटियार को लखनऊ से कानपुर जाते समय पुलिस ने जाजमऊ में ही उन्हें रोक लिया और उन्हें सर्किट हाउस ले गई।
इसके बाद कानपुर शहर के भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी, क्षेत्रीय अध्यक्ष बालचन्द, विधायक सतीश महाना के साथ सैकड़ों भाजपाई सर्किट हाउस पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारी भी सर्किट हाउस पहुंचे और कहा कि अभी उनके जाने से जहानाबाद का माहौल बिगड़ सकता है, इसलिए उन्हें रोका गया है।
कटियार के साथ जाने के लिए रास्ते में कई स्थानों पर इंतजार कर रहे भाजपाइयों में उनको रोके जाने से आक्रोश पैदा हो गया। चौडगरा में तीन सौ भाजपाइयों ने जहानाबाद कूच का ऐलान कर दिया।
फतेहपुर के जिलाधिकारी ने साफ किया कि धारा 144 लागू है, ऐसे में किसी को इस तरह कूच की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath