कोलकाता : ‘हिट एंड रन’ मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार

कोलकाता, 19 जनवरी (आईएएनएस)। कोलकाता के ‘हिट एंड रन’ मामले में मंगलवार को एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

जॉनी इस मामले में गिरफ्तार किया गया तीसरा आरोपी है। इससे पूर्व शनिवार रात इस मामले के मुख्य आरोपी सांबिया सोहराब और रविवार रात नई दिल्ली से शानू उर्फ शहनवाज को गिरफ्तार किया गया था।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) देबाशीष बोराल ने आईएएनएस को बताया, “जॉनी को मंगलवार सुबह शहर से गिरफ्तार किया गया। जॉनी और शानू की हिरासत की मांग के लिए दोनों को अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है।”

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व विधायक मोहम्मद सोहराब के बेटे सांबिया पर 13 जनवरी की सुबह भारतीय वायुसेना कोरपोरल अभिमन्यु गौड़(21) को अपनी तेज रफ्तार ऑडी कार से कुचल दिया था।

गौड़ गणतंत्र दिवस परेड के लिए यहां एक अभ्यास प्रशिक्षक के तौर पर आए हुए थे और कालियाकुंडा वायुसेना अड्डे पर तैनात थे। वह सूरत के रहने वाले थे।

जानकारी के मुताबिक, शानू और जॉनी दोनों घटना से पहली रात सांबिया के साथ थे।

सांबिया पर हत्या सहित कई अन्य आरोप हैं और अभियोजन पक्ष ने इस मामले में उस पर कार से एक अन्य जवान को भी घायल करने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने सांबिया के फरार पिता मोहम्मद सोहराब और भाई अंबिया के लिए एक लुक-आउट नोटिस जारी किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493