सिंगापुर, 20 जनवरी (आईएएनएस)। अपने देश के साथ ही अन्य देशों में आतंकी गतिविधियों में शामिल होने की योजना बनाने वाले कम से कम 27 बांग्लादेशी नागरिकों को सिंगापुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। द्वीप राज्य के गृह मंत्रालय (एमएचए) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, आतंरिक सुरक्षा विभाग ने ये गिरफ्तारियां की हैं।
सिंगापुर में निर्माण उद्योग में काम करने वाले सभी 27 पुरुष बांग्लादेशियों को 16 नवंबर और एक दिसंबर 2015 के बीच आंतरिक सुरक्षा अधिनियम (आईएसए) के तहत गिरफ्तार किया गया था।
एमएचए के मुताबिक, उनके ‘वर्क पार्मिट’ को रद्द कर दिया गया है और उनमें से 26 को बांग्लादेश प्रत्यर्पित कर दिया गया है।
शेष बचे एक व्यक्ति ने अपने अन्य साथियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर अवैध रूप से सिंगापुर से भागने की कोशिश की थी। उसे कैद की सजा दी गई है। सजा पूरी होने पर उसे भी बांग्लादेश प्रत्यर्पित कर दिया जाएगा।
अन्य सभी 26 बांग्लादेशी इराक और सीरिया में अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकवादी संगठनों की सशस्त्र जिहाद की विचारधारा का समर्थन कर रहे थे।
एमएचए के मुताबिक, अन्य एक बांग्लादेशी उनके संगठन का सदस्य नहीं था, लेकिन वह भी कट्टरपंथी उपदेशकों के समर्थन में था और कट्टरपंथी बनने की प्रक्रिया में था। उसके पास से जिहाद संबंधी सामग्री भी बरामद हुई है।
एमएचए के मुताबिक, समूह से भी जिहाद संबंधी सामग्री बरामद हुई है, जिसमें आतंकवादी शिविरों जैसी जगहों में बच्चों को प्रशिक्षण की वीडियो फुटेज और अन्य वीडियो और किताबें भी शामिल थी।
संगठन के सदस्य गिरफ्तारी से बचने के लिए बेहद सावधानियां बरतते थे और अपने संगठन को बढ़ाने के लिए वे बेहद सावधानी से बांग्लादेशी नागरिकों को उसमें शामिल करते थे।
एमएचए ने कहा कि सिंगापुर सरकार आतंकवाद को किसी भी प्रकार का समर्थन देने को बेहद गंभीर मानती है और ऐसी गतिविधि से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त फैसला लेती है।
dharmpath.com dharmpath