नई दिल्ली, 20 जनवरी (आईएएनएस)। प्रसिद्ध पर्यावरणविद् डा. रवि चेल्लम ने इस महीने ग्रीनपीस इंडिया के नए कार्यकारी निदेशक का कार्यभार संभाल लिया है। वन्य जीवविज्ञानी और संरक्षण वैज्ञानिक, रवि पिछले साल सरकारी एजेंसियों से विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रही इस गैर सरकारी संगठन का नेतृत्व करेंगे और पर्यावरण सुरक्षा के लिए जारी संस्था के अभियानों को नया आकार देंगे।
रवि का कहना है, “हम लोग मानव इतिहास के एक नाजुक मोड़ पर खड़े हैं। जैसा कि हमने पेरिस जलवायु वार्ता में देखा, भारत के पास वैश्विक स्तर पर सार्थक परिवर्तन का नेतृत्व करने का बेमिसाल मौका है। दूसरी ओर, हमें कई अहम घरेलू मुद्दों पर भी ध्यान देना है, जैसे अपने जंगलों को बचाना, स्वच्छ ऊर्जा, सुरक्षित आहार और साफ वायु को सुनिश्चित करना, और इन चुनौतियों से निपटते हुए सिविल सोसाइटी समेत सभी लोगों से स्वस्थ्य संवाद जारी रखना।”
उन्होंने कहा, “पिछले साल, ग्रीनपीस इंडिया को कई आरोपों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसी दौरान, हजारों भारतीय लोगों ने हमारे अभियानों में शामिल हो कर अपना समर्थन भी दिया है। इतना ही नहीं न्यायपालिका ने भी समय-समय पर हमारे हक में फैसला दिया है। सभी बाधाओं के बावजूद अपने सहयोगियों और समर्थकों की मदद से पिछले एक साल में ग्रीनपीस ने वायु प्रदूषण, नवीकरणीय ऊर्जा और टिकाऊ खेतीबाड़ी पर सफल अभियान चलाये हैं।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली में हम शहर की हवा को साफ करने के लिये सरकार के साथ मिलकर एक रणनीति बनाने की प्रक्रिया में हैं। बिहार सहित कई दूसरे राज्यों के किसान हमारे रसायनमुक्त खेती के ‘केडिया मॉडल’ को अपनाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। वहीं हमने धरनई, बिहार में भारत का पहला सौर ग्राम स्थापित किया है, जो विकेद्रीकृत ऊर्जा द्वारा गांव के हर निवासी को लाभ पहुंचाने का सफल उदाहरण है।
ग्रीनपीस में नियुक्त होने से पहले रवि वाइल्ड लाइफ इंस्टीच्यूट ऑफ इंडिया, यूनाइटेड डेवलपमेंट प्रोग्राम, अशोका ट्रस्ट ऑफ रिसर्च इन इकोलॉजी एंड इंवायरमेंट, वाइल्डलाइफ कंसेर्वेशन सोसाइटी (इंडिया प्रोग्राम), मद्रास क्रोकोडाइल बैंक ट्रस्ट, घड़ियाल कंर्सवेशन एलाइंस, एशियन नेचर कंर्सवेशन फाउंडेशन और फाउंडेशन फॉर इकोलॉजी सिक्योरिटी जैसी कई संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath