अरुण कुमार
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 21 जनवरी (आईएएनएस)। डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता एवं अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने इस आशय की रिपोर्ट को गलत बताया है कि उनके निजी ईमेल सर्वर में अमेरिकी खुफिया समुदाय के कुछ बेहद गुप्त कार्यक्रमों से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं थीं।
अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में प्रत्याशी पद की दावेदार हिलेरी ने नेशनल पब्लिक रेडियो से कहा कि यह बात उनके चुनाव अभियान को नुकसान पहुंचाने के मकसद से बिना किसी सबूत के ‘लीक’ की गई है।
सीएनएन के मुताबकि, हिलेरी के प्रवक्ता ने सार्वजनिक रूप से जांचकर्ताओं पर इलजाम लगाया कि वे विपक्षी रिपब्लिकन सीनेटरों के साथ साजिश रचकर हिलेरी को परेशान करने के लिए उनके सर्वर में ताक-झांक कर रहे हैं।
प्रवक्ता ने हिलेरी के हवाले से कहा, “जैसा कि विदेश मंत्रालय ने भी कहा है, मैंने कभी ऐसा न तो कुछ भेजा न प्राप्त किया जो गोपनीय की श्रेणी में आता है। और, यह बात बीते महीनों में कभी भी नहीं बदली है। मुझे ऐसा लगता है कि यह मुद्दे को चुनावी अभियान में लाने की एक और कोशिश है। यह एक अन्य लीक है।”
न्याय मंत्रालय इस बात की जांच कर रहा है कि क्या गोपनीय सूचनाएं गलत तरीके से हिलेरी क्लिंटन के सर्वर तक पहुंची थीं। सर्वर में हिलेरी और उनके सहयोगियों एवं मित्रों के बीच संदेश का आदान-प्रदान संरक्षित है।
हिलेरी ने इस बात को हमेशा गलत बताया कि किसी भी तरह की जानकारी को उन्होंने गलत तरीके से संभाला।
इस मामले में बीते साल मार्च में रिपब्लिकन सांसदों ने इंस्पेक्टर जनरल से जांच का अनुरोध किया था।
dharmpath.com dharmpath