हर घटना को सांप्रदायिक रंग देना कांग्रेस की आदत : भाजपा

नई दिल्ली, 21 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हैदराबाद में शोधछात्र की खुदकुशी मामले को तूल दिए जाने पर गुरुवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और केंद्र सरकार के दो मंत्रियों- स्मृति ईरानी व बंडारू दत्तात्रेय का बचाव करते हुए विपक्षी दल पर हर अप्रिय घटना को ‘सांप्रदायिक या जातिगत रंग’ देने का आरोप लगाया।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने यहां संवाददाताओं को बताया, “कांग्रेस ने 60 वर्षो में हमें क्या दिया? वे वोट बैंक की राजनीति के लिए दलितों व गैर-दलितों को निशाना बनाते हैं। वे हर चीज को सांप्रदायिक रंग या जातिगत रूप देने की कोशिश करते हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।”

कांग्रेस ने गुरुवार सुबह हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र की आत्महत्या मामले को लेकर केंद्र सरकार पर ‘दलित-विरोधी रवैया’ अपनाने का आरोप लगाया।

उल्लेखनीय है कि हैदराबाद विश्वविद्यालय के शोधछात्र रोहित वेमुला ने 17 जनवरी को विश्वविद्यालय के छात्रावास में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

श्रीकांत ने कहा, “कांग्रेस ने कभी सामाजिक सुरक्षा के बारे में नहीं सोचा। यह पहली सरकार है, जो सामाजिक सुरक्षा पर काम कर रही है, लेकिन विकास-विरोधी लोग सरकार के अच्छे कामों को हजम नहीं कर सकते। चाहे घटना उत्तर प्रदेश की हो, चाहे कर्नाटक या किसी अन्य जगह की हो, उन्होंने हमेशा केंद्र सरकार पर दोष मढ़ा है, जबकि कानून-व्यवस्था राज्य सरकार के अधीन होती है।”

उन्होंने कहा, “वोट बैंक की राजनीति में आकंठ डूबे लोग जवाब दें कि वे मालदा (पश्चिम बंगाल) की हिंसा पर क्यों चुप हैं? दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल हैदराबाद गए, लेकिन क्या वह दिल्ली में डेंगू से जान गंवाने वालों पीड़ितों में से किसी एक के भी परिवार से मिलने गए?”

भाजपा नेता ने कहा, “वे उत्तर प्रदेश व बिहार की कानून-व्यवस्था पर चुप्पी साधे बैठे हैं, लेकिन उस केंद्र सरकार को कोसते हैं, जो इसके लिए जिम्मेदार भी नहीं है। इससे उनका कपटीपन साबित होता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493