वाशिंगटन, 22 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका ने अपनी वीजा छूट कार्यक्रम (वीडब्ल्यूपी) में बदलावों को लागू करना शुरू कर दिया है, जिसके तहत 38 देशों के नागरिकों को वीजा में छूट दी जाएगी।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, “ये बदलाव गुरुवार से शुरू हो गए हैं, जिसमें वीडब्ल्यूपी देशों के नागरिकों ने यदि एक मार्च 2011 के बाद ईरान, इराक, सूडान या सीरिया की यात्रा की है या फिर वे इन देशों में रह रहे हैं तो उन्हें अमेरिका की यात्रा से पहले वीजा लेना अनिवार्य होगा।”
वीडब्ल्यूपी देश के राजनयिकों और सैन्यकर्मियों को यात्रा पर सीमित छूट दी गई है।
इसके अलावा, वीडब्ल्यूपी देशों के नागरिक, जो उक्त चार देशों के भी नागरिक हैं, उन्हें इस कार्यक्रम से कोई लाभ नहीं होगा।
नए प्रतिबंधों के बावजूद अमेरिका के गृह मंत्री पत्रकार, मानवाधिकार कार्यकर्ता, अंतर्राष्ट्रीय संगठन, क्षेत्रीय संगठन और प्रांतीय या स्थानीय सरकारों या फिर व्यावसायिक उद्देश्यों से इन देशों की यात्रा करने वालों को विभिन्न मामलों में व्यक्तिगत आधार पर छूट दे सकते हैं।
वीडब्ल्यूपी हर साल 38 साझेदार देशों के नागरिकों को अमेरिका की यात्रा के लिए दो करोड़ नि:शुल्क यात्रा वीजा देता है।
dharmpath.com dharmpath