अहमदाबाद, 22 जनवरी (आईएएनएस)। मशहूर नृत्यांगना एवं नृत्य निर्देशक मृणालिनी साराभाई की बेटी सामाजिक कार्यकर्ता मल्ल्किा साराभाई ने गुरुवार को मां के निधन पर शोक व्यक्त न करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की है।
मल्लिका ने फेसबुक पर कहा कि गुजरात से संबंध रखने वाले मोदी ने उनकी 97 वर्षीय मां की मृत्यु पर शोक व्यक्त क्यों नहीं किया।
मल्लिका ने कहा, “प्रिय प्रधानमंत्री जी। आप मेरी राजनीति से नफरत करते हैं और मैं आपकी राजनीति से, लेकिन मृणालिनी साराभाई ने 60 वर्षो तक दुनिया में देश की संस्कृति को जो बढ़ावा दिया उसका इससे कुछ भी लेना-देना नहीं है। उन्होंने दुनिया में हमारी संस्कृति की एक लौ जलाई।”
उन्होंने कहा, “उनके निधन पर आपके मुंह से कुछ न निकलना आपकी मानसिकता को दर्शाती है। आप मुझसे कितना नफरत करते हैं। हमारे प्रधानमंत्री के नाते आपको उनके योगदान को सम्मान देना चाहिए। लेकिन आप ने ऐसा नहीं किया। शर्मनाक।”
मल्लिका साराभाई ने एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में राज्य में हुए 2002 के सांप्रदायिक दंगों के लिए गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री मोदी पर लगातार हमले किए हैं।
मृणालिनी साराभाई को पद्मभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
dharmpath.com dharmpath