दिल्ली : सबसे सर्द दिन, कोहरे की वजह से 34 उड़ानों में देरी (लीड-1)

नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को घने कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने के चलते 34 उड़ानों में देरी हुई।

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डे की ओर से एक बयान में कहा गया, “घने कोहरे की वजह से 34 उड़ानों के परिचालन में देरी हुई। इनमें से चार को दिल्ली से उड़ान भरनी थी, जबकि बाकी 30 को दिल्ली आना था।”

वहीं, उत्तर रेलवे के अनुसार, दिल्ली और इसके आसपास घना कोहरा होने की वजह से 35 ट्रेनें रद्द कर दी गईं और 14 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से पीछे चल रही हैं। एक ट्रेन के समय में फेरबदल किया गया है।

दिल्ली में शुक्रवार को इस मौसम का सबसे सर्द दिन है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली सुबह में घने कोहरे की चादर में लिपटी हुई थी। सुबह 8.30 बजे दृश्यता घटकर 200 मीटर रह गई थी और इसी वक्त वातावरण में 97 फीसदी आद्र्रता दर्ज की गई थी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, “आज इस मौसम का अब तक का सबसे सर्द दिन है। दिल्ली और इससे लगते इलाकों में घना कोहरा है, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई है। आने वाले कुछ दिनों में मौसम ऐसा ही रहने के आसार हैं।”

दिन में आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है।

वहीं, एक दिन पहले यानी गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 6.9 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493