नेताजी से जुड़े दस्तावेजों का खुलासा आज से : मोदी

नई दिल्ली, 23 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनसे जुड़े दस्तावेजों का खुलासा शनिवार से शुरू होगा।

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, “आज (शनिवार) हम सभी भारतीयों के लिए एक खास दिन है। नेताजी से जुड़े दस्तावेजों का खुलासा शनिवार से शुरू हो जाएगा। इसके लिए मैं खुद भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार जाऊंगा।”

एक अन्य ट्वीट में मोदी ने कहा, “नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। उनकी बहादुरी और देशभक्ति ने उन्हें भारतीयों की सभी पीढ़ियों में लोकप्रिय बनाया है।”

सरकार ने स्वतंत्रता सेनानी से जुड़े दस्तावेजों के खुलासे का फैसला किया है। इसी के तहत मोदी शनिवार को नेताजी से जुड़े करीब 100 दस्तावेजों की डिजिटल प्रतिलिपियां जारी करेंगे।

भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार ने इन दस्तावेजों को डिजिटल रूप दिया है।

इस संबंध में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “इन दस्तावेजों के खुलासे से जनता की दीर्घकालिक मांगें पूरी होंगी और शोधकर्ताओं को भविष्य में नेताजी पर शोध में मदद मिलेगी।”

राष्ट्रीय अभिलेखागार को 1997 में रक्षा मंत्रालय की ओर से आजाद हिंद फौज से संबंधित 990 दस्तावेज प्राप्त हुए थे, जिसकी स्थापना नेताजी ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान ब्रिटिश भारतीय सेना के खिलाफ की थी।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और कभी महात्मा गांधी के करीबी सहयोगियों में से एक रहे बोस के बारे में बताया जाता है कि उनका निधन 1945 में फॉरमोसा (अब ताइवान) में एक विमान दुर्घटना में हुआ था, जो अब भी एक रहस्य है।

बोस का जन्म 23 जनवरी, 1897 में ओडिशा के कटक में हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493