सिडनी एकदिवसीय : आस्ट्रेलिया पर भारत की 6 विकेट से सांत्वना जीत

सिडनी, 23 जनवरी (आईएएनएस)। मनीष पांडेय (104), रोहित शर्मा (99) और शिखर धवन (78) की शानदार परियों की मदद से सिडनी क्रिकेट मैदान पर हुए श्रृंखला के पांचवें और अंतिम एकदिवसीय मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा कर सम्मान के साथ श्रृंखला का समापन किया।

टॉस हराकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 331 रनों की चुनौती रखी थी, जिसे भारत ने चार विकेट खोकर दो गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। भारत की जीत में कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (34) का भी योगदान अहम रहा।

बड़े स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत मिली। दोनों सलामी बल्लेबाजों रोहित और धवन ने पहले विकेट के लिए 123 रनों की शतकीय साझेदारी कर जीत की नींव रखी। इस साझेदारी को जॉन हेस्टिंग्स ने धवन को आउट कर तोड़ा।

विराट कोहली (8) इस मैच में जल्दी आउट होकर वापस पवेलियन लौट गए। रोहित जब अपने शतक से एक रन दूर थे तभी हेस्टिंग्स ने उन्हें पवेलियन भेजा। इसके बाद मनीष ने कप्तान धौनी (34) के साथ मिलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।

अंतिम ओवर में जीत के लिए 13 रनों की जरूरत थी। मिशेल मार्श की पहली गेंद वाइड रही। धौनी ने दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर जीत को पक्का कर दिया, लेकिन अगली गेंद पर ही वह डेविड वार्नर को कैच थमा बैठे। अगली गेंद पर मनीष ने चौका लगाते हुए अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय करियर का अपना पहला शतक पूरा किया और इसके बाद विजयी रन भी हासिल कर लिया।

आस्ट्रेलिया की तरफ से हेस्टिंग्स ने तीन विकेट लिए और मिशेल ने एक विकेट लिया। आखिरी मैच गंवाने के बावजूद आस्ट्रेलिया ने 4-1 से यह श्रृंखला अपने नाम करने में सफल रहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493