आस्ट्रेलियन ओपन : सानिया की दोहरी जीत

मेलबर्न, 23 जनवरी (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय महिला युगल टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट आस्ट्रेलियन ओपन के छठे दिन शनिवार को महिला युगल और मिश्रित युगल दोनों स्पर्धाओं के मैचों में दोहरी जीत हासिल की।

शो कोर्ट-2 पर हुए महिला युगल वर्ग के दूसरे दौर के मैच में सानिया ने स्विट्जरलैंड की अपनी साथी मार्टिना हिंगिस के साथ खेलते हुए यूक्रेन की किचेनोक बहनों को हराया।

सानिया-मार्टिना की शीर्ष वरीय जोड़ी ने ल्यूडमायला और नाडिया किचेनोक की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से मात दी।

इसी कोर्ट पर बाद में हुए मिश्रित युगल वर्ग के पहले दौर के मुकाबले में सानिया ने क्रोएशिया के इवान डोडिग के साथ खेलते हुए आजला टॉमलैनोविक और किन किर्जियोस की स्थानीय जोड़ी को मात्र 59 मिनट में 7-5, 6-1 से हरा दिया।

सानिया-मार्टिना की जोड़ी अब महिला युगल वर्ग के तीसरे दौर में रूस की स्वेतलाना कुजनेत्सोवा और इटली की रॉबर्ट विंची की जोड़ी से भिड़ेगी।

वहीं मिश्रित युगल वर्ग के दूसरे दौर में अब सानिया-डोडिग की जोड़ी का सामना कजाकिस्तान की यारोस्लाव श्वेदोवा और पाकिस्तान के ऐसाम उल हक कुरैशी से होगा।

जूनियर महिला एकल वर्ग में भारत की उभरती सितारा करमन कौर थांडी ने आस्ट्रेलिया की ओलिविया गाडेकी को कोर्ट-10 पर हुए एकतरफा मुकाबले में 6-3, 6-4 से हरा दिया।

करमन अब अगले दौर में हंगरी की पन्ना यूडवार्डी से भिड़ेंगी।

महिला एकल जूनियर वर्ग में 10वीं वरीय भारत की ही एक अन्य खिलाड़ी प्रांजला यादलापल्ली ने जापान की मायूका आइकावा को 6-4, 5-7, 6-1 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493