सिंगापुर, 23 जनवरी (आईएएनएस)। थाईलैंड के युवा गोल्फ स्टार इथिपात बुरानातान्यारात ने शनिवार को अपने करियर का दूसरा एशियन डेवलपमेंट टूर (एडीटी) खिताब जीत लिया।
रैफल्स कंट्री क्लब में हुए 100,000 डॉलर इनामी प्लेयर्स चैम्पियनशिप के आखिरी दौर में बुरानातान्यारात ने छह अंडर 66 का स्कोर किया और 20 अंडर 268 के स्कोर के साथ खिताब अपने नाम कर लिया।
इस प्रतियोगिता को जीत कर उन्होंने 17,500 डॉलर की इनामी राशि के साथ-साथ विश्व रैंकिंग के लिए छह अंक भी हासिल किए।
इसके अलावा बुरानातान्यारात ने 10 लाख डॉलर इनामी एसएमबीसी सिंगापुर ओपन के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। एशियन टूर का यह इवेंट 28 से 31 जनवरी के बीच सेंटोसा गोल्फ क्लब के सेरापोंग कोर्स पर खेला जाएगा।
थाईलैंड के ही उदीयमान खिलाड़ी सुरादित योंगचारोएंचाई ने 67 के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, वहीं शुक्रवार तक शीर्ष पर रहे तिरावत काएवेसिरिाबंडिट आखिरी दौर में 71 का स्कोर कर सके और फिलिपिंस के एंटोनिओ लासकुना (67) के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। दोनों का कुल स्कोर 272 रहा।
इथिपात ने खेल की शुरुआत में ही तीन बर्डी लगा कर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे। पांचवें होल पर शॉट चूकने के बाद लगातर तीन बर्डी लगाकर उन्होंने शानदार वापसी कर ली।
मैच के बाद इथिपात ने कहा, “मुझे काफी अच्छी शुरुआत मिली जिससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा। मैं अपनी रणनीति के हिसाब से खेलता रहा। मैं खिताबी जीत हासिल कर काफी खुश हूं।”
dharmpath.com dharmpath