गुड़गांव, 25 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन ‘मानवता के लिए जीवनदायिनी’ के रूप में काम करेगा।
अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) के मुख्यालय की आधारशिला रखने तथा आईएसए के एक अंतरिम सचिवालय के उद्घाटन को लेकर आयोजित एक समारोह में मोदी ने कहा कि यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) तथा संयुक्त राष्ट्र जैसा संगठन होगा, लेकिन इसका मुख्यालय भारत में होगा।
उन्होंने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन मानवता के लिए जीवनदायिनी के रूप में कार्य करेगा।”
मोदी ने कहा कि हाल में पेरिस में संपन्न सीओपी 21 जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के दौरान दो महत्वपूर्ण पहलुओं की शुरुआत हुई। पहला अमेरिका व फ्रांस द्वारा ग्लोबल वॉर्मिग तथा जलवायु परिवर्तन से किस प्रकार निपटा जाए तथा दूसरा भारत द्वारा सौर गठबंधन।
मोदी की पहल आईएसए को मोदी तथा ओलांद ने बीते साल पेरिस में आयोजित जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन से पहले 30 नवंबर को संयुक्त तौर पर शुरू किया था। यह कर्क व मकर राशि के उष्णकटिबंध पर स्थित लगभग 120 देशों का गठबंधन है।
dharmpath.com dharmpath