उप्र : सूदखोर की हथौड़ा मारकर हत्या

पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने कोतवाली थाना क्षेत्र में नारायण बाग के पास कमला विवाह घर के सामने सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव के पास ही एक मोटरसाइकिल भी लावरिस हालत में पड़ी पाई गई। अनुमान लगाया गया कि यह बाइक मृतक की ही होगी। यह देख लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, तब तक वहां बड़ागांव गेट बाहर रहने वाले कुछ लोग आए और मृतक की शिनाख्त उन्होंने वीरेंद्र गुप्ता उर्फ वीरू पुत्र मोहन लाल के रूप में की।

एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे के अनुसार, मृतक लगभग 10 वर्षो से ब्याज पर पैसा चलाता था। ताजा घटना में भी वह अपनी उधारी वसूलने के लिए रिसाला चुंगी के पास स्थित मछली मार्केट गया था। इसके बाद वापस नहीं आया। देर रात तक जब उसकी कोई खबर परिजनों को नहीं हुई तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया और पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। अगले दिन उसका शव पाया गया।

दुबे ने बताया कि मृतक के सिर पर किसी वजनदार वस्तु से हमला किए जाने के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल के पास ही मृतक की बाइक व खून लगा हुआ एक हथौड़ा भी पाया गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि वीरेंद्र की हत्या करने के बाद उसके शव को सड़क पर दुर्घटना दर्शाने के उद्देश्य से फेंका गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही इसके हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493