मुंबई, 25 जनवरी (आईएएनएस)। देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण के लिए चुनी गईं देश की शीर्ष बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल ने यह अवार्ड अपने कोच विमल कुमार को समर्पित किया है।
गौरतलब है कि विमल कुमार के मार्गदर्शन में सायना बीते वर्ष सर्वोच्च विश्व वरीयता हासिल करने वाली देश की पहली बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं।
सायना को 2009 में अर्जुन अवार्ड और 2010 में राजीव गांधी खेल रत्न और पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
सायना ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “मुझे पद्म भूषण के लिए चुने जाने पर मैं मंत्रालय के प्रति आभारी हूं। यह बहुत ही शानदार अहसास है, बहुत ऊंचा सम्मान है। मैं इस अवार्ड को अपने कोच विमल कुमार को समर्पित करती हूं। पिछले एक वर्ष में उन्होंने जिस तरह मेरी मदद की है वह शानदार रहा और मैं उन्हीं की बदौलत सर्वोच्च विश्व वरीयता हासिल कर सकी।”
सायना ने कहा, “मैं अपने परिजनों, फीजियो सिद्धार्थ और ट्रेनर डेकलिन लीटो का भी शुक्रिया अदा करती हूं।”
गौरतलब है कि एशियाई खेलों-2014 से ठीक पहले सायना ने पुलेला गोपीचंद को छोड़कर अपने पूर्व कोच विमल कुमार के मार्गदर्शन में फिर से प्रशिक्षण शुरू करने का फैसला किया। हालांकि इसके बाद सायना काफी समय तक चोटों से परेशान रहीं और कई टूर्नामेंट में उन्हें हार भी झेलनी पड़ी।
हालांकि सायना ने 2015 की शुरुआत शानदार अंदाज में की और मौजूदा विश्व चैम्पियन स्पेन की कैरोलीना मारिन को हराकर इंडिया ग्रांप्री. गोल्ड खिताब जीता। इसके बाद उन्होंने इंडिया ओपन जीतकर करियर का पहला और अब तक का एकमात्र सुपरसीरीज खिताब भी हासिल किया।
बीते वर्ष सायना ने तीन प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों, ऑल इंग्लैंड ओपन, विश्व चैम्पियनशिप और चीन ओपन के फाइनल तक का सफर तय किया।
अगले वर्ष ब्राजील के रियो डी जनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों में निश्चित तौर पर सायना देश के लिए पदक की बेहद प्रबल उम्मीदवार भी हैं।
dharmpath.com dharmpath