आईएस के 12 संदिग्ध एनआईए हिरासत में भेजे गए

नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के 12 संदिग्ध आतंकियों को यहां एक अदालत ने सोमवार को पांच फरवरी तक के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की हिरासत में भेज दिया।

बंद कमरे में हुई सुनवाई में एनआईए ने जिला न्यायाधीश अमर नाथ को बताया कि आरोपी अंतर्राष्ट्रीय आतंकी संगठन के लिए लोगों की भर्ती करने और कोष एकत्र करने में शामिल थे। व्यापक साजिश का पता लगाने के लिए इन्हें एजेंसी की हिरासत में दिया जाए।

एनआईए ने कहा कि आरोपी भारतीय युवाओं को आईएस में शामिल होने के लिए उकसा रहे थे।

आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में लाया गया। इनके चेहरे कपड़े से ढंके हुए थे। इन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों से यहां ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया था।

आरोपियों में कर्नाटक के अलग-अलग शहरों के रहने वाले आसिफ अली उर्फ अरमान सानी (21), सैयद मुजाहिद (33) और नजमुल हुदा शामिल हैं। इनके अलावा कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू से सुहैल अहमद (23), मुहम्मद अब्दुल अहद (46) और मोहम्मद अफजल भी इनमें शामिल हैं। आईएस से संबंधों के आरोप में पकड़े गए इन आरोपियों में लखनऊ का मोहम्मद अलीम (20), हैदराबाद के मोहम्मद ओबैदुल्ला खान (33) और मोहम्मद शरीफ मोइनुद्दीन खान (36), मुंबई के मोहम्मद हुसैन खान (36) और मुदब्बिर मुश्ताक शेख और औरंगाबाद का इमरान खान पठान शामिल हैं।

इनके अलावा हैदराबाद के मोहम्मद नफीस खान और अबु अनस भी उन 14 लोगों में शामिल हैं, जिन्हें एनआईए ने गिरफ्तार किया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शनिवार को इन सभी 14 आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार तक इनमें से पांच को ही गिरफ्तार किया गया था। इन सभी पर गैर-कानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493