दक्षिण एशियाई खेलों के लिए भारतीय जूडो टीम घोषित

नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। गुवाहाटी और शीलांग की संयुक्त मेजबानी में होने वाले 12वें दक्षिण एशियाई खेलों में अनुभवी लैशराम सुशीला देवी और थौडम कल्पना देवी 12 सदस्यीय भारतीय जूडो टीम का नेतृत्व करेंगी।

दक्षिण एशियाई खेलों का 12वां संस्करण पांच फरवरी से शुरू होकर 16 फरवरी तक चलेगा।

सुशीला और कल्पना जहां टीम में अनुभवी खिलाड़ी हैं, वहीं चयनकर्ताओं ने युवा खिलाड़ियों को अधिक मौके दिए हैं।

कल्पना देवी पिछले वर्ष दक्षिण कोरिया के इंचियोन में हुए एशियाई खेलों के 52 किलोग्राम भारवर्ग में कजाकिस्तान की लेनारिया मिंगाजोवा के खिलाफ अपना रेपलचेज मुकाबला हार गई थीं और कांस्य पदक हासिल करना मौका चूक गई थीं।

12 सदस्यीय टीम में शामिल अन्य महिला जूडो खिलाड़ियों में आंगोम अनीता चानू (75 किलोग्राम), हुइड्रोम सुनीबाला देवी (-63 किलोग्राम), पूजा (-70 किलोग्राम) और अरुणा (-78 किलोग्राम) शामिल हैं।

वहीं पुरुष जूडो खिलाड़ियों में अवतार सिंह (-90 किलोग्राम) सर्वाधिक अनुभवी हैं। पंजाब पुलिस में सेवारत अवतार पिछले वर्ष स्कॉटलैंड में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

अन्य पुरुष खिलाड़ियों में भूपिंदर सिंह (-60 किलोग्राम), जसलीन सिंह सैनी (-66 किलोग्राम), करनजीत सिंह मान (81 किलोग्राम) और शुभम कुमार (-100 किलोग्राम) शामिल हैं।

भोपाल के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में हुए ट्रायल के जरिए भारतीय टीम का चयन किया गया है।

फरवरी, 2010 में हुए पिछले दक्षिण एशियाई खेलों में भारतीय जूडो टीम सर्वाधिक पदक हासिल करने वाली टीम रही थी। भारतीय टीम ने तब पांच स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493